कैथल : विधानसभा में पुरानी पेंशन का मुद्दा उठाने की मांग पर विधायक को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
कैथल : विधानसभा में पुरानी पेंशन का मुद्दा उठाने की मांग पर विधायक को सौंपा ज्ञापन


कैथल, 05 फ़रवरी (हि.स.)।

पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति की कैथल जिला इकाई ने गुरुवार को कलायत से कांग्रेसी विधायक विकास सहारण को सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। समिति ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का संवैधानिक अधिकार है और इसे किसी भी कीमत पर छीना नहीं जाने दिया जाएगा।

ज्ञापन पर विधायक विकास सहारण ने आश्वासन दिया कि वे आगामी विधानसभा के बजट सत्र में पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा पूरी मजबूती और राजनीतिक संकल्प के साथ सदन में उठाएंगे ।

संघर्ष समिति ने सरकार द्वारा लागू की गई राष्ट्रीय पेंशन योजना और प्रस्तावित एकीकृत पेंशन योजना को कर्मचारियों के भविष्य के साथ सबसे बड़ा अन्याय करार दिया। समिति का कहना था कि वर्षों तक ईमानदारी से सेवा देने के बाद कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय असुरक्षा के हवाले करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

समिति ने बताया कि पुरानी पेंशन योजना के तहत अंतिम वेतन के आधार पर आजीवन सुनिश्चित पेंशन, महंगाई भत्ता और पारिवारिक पेंशन मिलती है, जिससे कर्मचारी को सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और मानसिक स्थिरता मिलती है। पुरानी पेंशन के रहते कर्मचारी बिना किसी भय के शासन-प्रशासन की नीतियों को धरातल पर लागू कर पाता है।

समिति के जिला कार्यकारी प्रधान जितेंद्र सिंह व पूर्व प्रधान सुरेंद्र माजरा ने कहा कि शेयर बाजार की उतार-चढ़ाव का सीधा असर कर्मचारियों की जीवनभर की जमा पूंजी पर पड़ता है, जबकि सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली राशि बुढ़ापे में इलाज, दवाइयों और दैनिक खर्चों के लिए भी नाकाफी साबित हो रही है। इस मौके पर डॉ. अनुराग विधान, इंजीनियर प्रविन्दर जांगड़ा, वजीर मलिक, लाखन सिंह, राजेश राज राणा, अशोक कुमार, सतबीर जांगड़ा, अमरीक सिंह, मिकेंद्र सिंह, नाहर सिंह मालाखेड़ी, मेवा सिंह, जोगिंदर, काली रामना, राज कपूर, नवजीत संधू, पवन शर्मा, गंगा सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story