कैथल: वाटर वर्क्स व मकान से मोटर चोरी के मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: वाटर वर्क्स व मकान से मोटर चोरी के मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 07 मार्च (हि.स.)। जिले में बिजली मोटर व केबल चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे चोरीशुदा सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि थाना तितरम क्षेत्र के गांव कसान स्थित वाटर वर्क्स से मोटर व बिजली के केबल चोरी करने के मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने दो आरोपियों को काबू किया है। गांव सिसमौर निवासी पालाराम की शिकायत के अनुसार वह गांव कसान स्थित वाटर वर्क्स पर डीसी रेट पर बेलदार के पद पर कार्यरत है। दाे मार्च की सुबह जब कर्मचारी सप्लाई देने के लिए वाटर वर्क्स पर पहुंचा तो देखा कि चैंबर से 30 एचपी, 20 एचपी व दो 7.5 एचपी की मोनोब्लॉक मोटर तथा करीब 160-160 फीट बिजली के केबल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।

इस संबंध में थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने करते हुए गुप्त सूचना व तकनीकी जांच के आधार पर जिला भिवानी के गांव बड़सी जतान निवासी एक युवक तथा जिला जींद के गांव घोघड़िया निवासी राहुल को हांसी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी, चोरीशुदा तांबा तार व एक मोटर बरामद की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों का न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी।

वहीं दूसरे मामले में थाना ढांड क्षेत्र के गांव कौल में मकान से बिजली की मोटर चोरी करने के मामले में सीआईए-1 पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांव कौल निवासी एकलव्य की शिकायत के अनुसार पांच मार्च की सुबह जब वह अपने गांव स्थित पुराने मकान पर पहुंचा तो पाया कि अज्ञात चोर ताला तोड़ कर चारा काटने वाली मशीन पर लगी दाे एचपी की बिजली मोटर चोरी कर ले गया।

मामले की जांच सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत की अगुवाई में एचसी पवन कुमार की टीम ने करते हुए गांव कौल निवासी गुरमीत उर्फ मितु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोटर बरामद कर ली गई। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story