कैथल: लिव-इन में रह रही युवती को भेजा अशलील वीडियाे,मामला दर्ज
कैथल, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पूंडरी थाना क्षेत्र के एक गांव में लिव-इन रिलेशन में रह रही एक युवती को अश्लील वीडियो भेजने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में करीब 26 वर्षीय युवती ने बताया कि लगभग चार साल पहले उसने रोहताश नामक युवक के साथ कोर्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए, जिसके चलते उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया और तलाक के कागजात भी तैयार करवा लिए। युवती का करीब दो साल का बेटा भी है।
शिकायत के अनुसार, वैवाहिक जीवन के दौरान आरोपी ने युवती की उसके साथ अश्लील वीडियो बना ली थी। उस समय युवती को इसका अंदेशा नहीं था कि आरोपी भविष्य में इसका गलत इस्तेमाल करेगा।
युवती ने बताया कि वह फिलहाल एक अन्य युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में कैथल से बाहर रह रही है। इसी दौरान आरोपी रोहताश ने पुरानी अश्लील वीडियो उसे भेज दी, ताकि उसका वर्तमान रिश्ता टूट जाए और उसकी छवि खराब हो। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पूंडरी थाना के एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

