कैथल: रिश्तेदार बनकर ठगी करने वाला साइबर क्राइम आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: रिश्तेदार बनकर ठगी करने वाला साइबर क्राइम आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार


कैथल, 22 मई (हि.स.)। कैथल पुलिस ने रिश्तेदार बनकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी जयदेव बर्मन उत्तर दिनाजपुर जिले के देवग्राम गांव का निवासी है। जानकारी के अनुसार, गांव फरल निवासी गुरचरण सिंह के साथ जनवरी 2026 में यह ठगी हुई थी। उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार लवली बताया। उसने कहा कि वह इंग्लैंड में रहता है और भारत आने वाला है। विश्वास जीतने के लिए उसने गुरचरण सिंह से बैंक खाता नंबर मांगा, ताकि वह विदेश से पैसे भेज सके।

पीड़ित ने भरोसा करते हुए अपना केनरा बैंक खाता नंबर साझा कर दिया। इसके बाद आरोपी ने झूठा दावा किया कि उसने करीब 14.65 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए हैं। कुछ समय बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए कॉल की और कहा कि विदेशी रकम 24 घंटे में खाते में आ जाएगी। झांसे में आकर गुरचरण सिंह ने अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस समेत अन्य माध्यमों से कुल 12 लाख 40 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।

15 जनवरी को जब वह बैंक में पैसे निकालने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके खाते में कोई विदेशी राशि नहीं आई है, बल्कि उनके खाते से बड़ी रकम निकल चुकी है। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और मामला साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जयदेव बर्मन तक पहुंच बनाई, जिसके खाते में ठगी की रकम आई थी। साइबर क्राइम टीम ने उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story