कैथल: मेडिकल स्टोरों पर कड़ी निगरानी के निर्देश, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कैथल, 05 जून (हि.स.)। जिले में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने के संकेत दिए हैं। जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी मेडिकल स्टोरों पर नियमित निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और ड्रग कंट्रोल विभाग को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में यह भी बताया गया कि पिछले एक महीने में नशा संबंधित 24 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और अतिरिक्त टीमें भी तैनात की गई हैं।
सीईओ ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गांवों और शहरों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर हेल्पलाइन और नशा मुक्ति केंद्रों से संबंधित सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं। सुरेश राविश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी और निजी नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच की जाए, ताकि नशे के शिकार लोगों को बेहतर उपचार और पुनर्वास मिल सके।
विकास एवं पंचायत विभाग को भी निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत बैठकों में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाए और उनसे गुप्त सूचनाएं साझा करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर मिलने वाली जानकारी प्रशासन के लिए कार्रवाई में मददगार साबित हो सकती है। इस दौरान ड्रग कंट्रोल विभाग ने जानकारी दी कि पिछले महीने नियमों का उल्लंघन करने पर 18 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि करनाल रोड स्थित अंबेडकर कॉलोनी में एक दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

