कैथल: मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन कॉपर पाइप चोरी करते रंगे हाथाें पकड़े गए तीन श्रमिक
कैथल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। करनाल राेड पर गांव सांपनखेड़ी स्थित मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन कॉपर पाइप व अन्य सामान चोरी करने के मामले में थाना पूंडरी पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू किया है। सभी आरोपी मेडिकल कॉलेज में ही श्रमिकाें के रूप में कार्यरत थे और मौके पर ही चोरी करते हुए रंगे हाथाें पकड़े गए।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि यूनिकॉर्न सिक्योरिटी एंड फैसिलिटी सर्विसेज के कर्मचारी नरेश कुमार ने शिकायत दी थी कि उनकी कंपनी की सिक्योरिटी मेडिकल कॉलेज में तैनात है। कॉलेज में ऑक्सीजन कॉपर पाइप फिटिंग तथा अन्य बिजली संबंधी कार्य चल रहा है। इसी दौरान चोरों द्वारा बार-बार कीमती कॉपर पाइप और अन्य सामान चोरी किया जा रहा था। कई बार सामान गायब होने से प्रशासन और सिक्योरिटी स्टाफ सतर्क हो गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। इसी दौरान तीन व्यक्तियों को कॉलेज परिसर में चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। सिक्योरिटी कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना थाना पूंडरी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पीएसआई विक्रम सिंह व एएसआई देवी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शेख बाबू, सियामुद्दीन नादान तथा सुजान चौधरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि पश्चिम बंगाल निवासी तीनों आरोपी मेडिकल कॉलेज में ही मजदूरी का कार्य कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों काे अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

