कैथल में ‘बर्ड हाउस’ से बढ़ेगा पर्यटन का आकर्षण

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में ‘बर्ड हाउस’ से बढ़ेगा पर्यटन का आकर्षण


कैथल, 14 मई (हि.स.)। वृद्धकेदार सरोवर के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। सरोवर के बीचों-बीच नगर परिषद द्वारा करीब 50 लाख रुपये की लागत से बर्ड हाउस तैयार किया जाएगा, जिससे पक्षियों को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा और यह स्थान शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उपायुक्त अपराजिता ने आर्य प्रयास संगठन द्वारा तैयार किए गए सरोवर के आधुनिक जीर्णोद्धार मॉडल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान डीसी ने स्पष्ट किया कि वृद्धकेदार सरोवर के साथ-साथ जवाहर पार्क और चिल्ड्रन पार्क में भी सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएं, ताकि सुबह-शाम सैर करने आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाथवे, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार कर इन स्थानों को और अधिक व्यवस्थित बनाया जाए।

नगर परिषद के ईओ संदीप सोलंकी ने जानकारी दी कि सरोवर के बीच बर्ड हाउस के साथ एक बर्ड टावर भी बनाया जाएगा, जिसका बेस आरसीसी और स्टोन पिचिंग तकनीक से मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा सरोवर में फाउंटेन, म्यूजिक सिस्टम, बिजली व्यवस्था और पाथवे सुधार जैसे कार्य भी किए जाएंगे, जिनके लिए अलग से करीब 50 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है। सरोवर में बोटिंग की सुविधा भी शुरू करने की योजना है, जिससे यहां आने वाले लोगों को नया अनुभव मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story