कैथल में सड़क हादसा, 12वीं के छात्र की मौत

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के गांव चौशाला में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य युवक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान गांव चौशाला निवासी रोहित के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित अपने दोस्त के साथ पास के गांव बाता में रोल नंबर लेने जा रहा था। वह 12वीं कक्षा का छात्र था। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर चौशाला से बात्ता की ओर जा रहे थे। रास्ते में चौशाला और बाता के बीच एक पुलिया के पास अचानक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पुलिया से टकरा गई।

हादसे में रोहित का सिर पुलिया से जोरदार तरीके से टकराया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रोहित को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि रोहित का परिवार मेहनत-मजदूरी कर अपना पालन-पोषण करता है। परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और एक बहन हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार में मातम का माहौल है। मामले की जांच कर रहे कलायत थाना के जांच अधिकारी जसबीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story