कैथल में दिव्यांग की बेरहमी से पिटाई, दांत तोड़े
कैथल, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव गदली पट्टी खौत में एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया और उसके दांत तक तोड़ दिए। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी चिमन गिर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिव्यांग है और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी एक टांग टूटी हुई है। बीती रात वह गांव में ही विनोद की दुकान पर सामान लेने गया था।
पीड़ित के अनुसार, दुकान पर पहुंचते ही विनोद ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने उसके मुंह पर कई वार किए, जिससे उसके दांत टूट गए और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित को आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। बाद में वह किसी तरह घर पहुंचा, लेकिन दर्द बढ़ने पर उसके बेटे सचिन और गोल्डी उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसका उपचार कराया गया। शहर थाना की एसएचओ गीता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

