कैथल में ऑस्ट्रिया निवासी युवक चरस के साथ गिरफ्तार, तीन दिन के रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में ऑस्ट्रिया निवासी युवक चरस के साथ गिरफ्तार, तीन दिन के रिमांड पर


कैथल, 28 मई (हि.स.)। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को सफलता मिली है। पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को एक किलो 85 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। गुरुवार काे आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम बुधवार की रात पूंडरी बस अड्डा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एनएच-152डी पर मोहना पुल के पास एक व्यक्ति बैग में नशीला पदार्थ लेकर खड़ा है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मनुचेर रशीदी के रूप में हुई, जो मूल रूप से वियना (ऑस्ट्रिया) का निवासी है और वर्तमान में तमिलनाडु में रह रहा था।

पुलिस ने मौके पर ही उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके बैग से एक किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2009 से भारत में रह रहा है और तमिलनाडु में एक निजी कंपनी में कार्य करता है। वह हाल ही में अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश गया था, जहां से वह यह नशीला पदार्थ खरीदकर लाया था। पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story