कैथल में एलपीजी गैस की कालाबाजारी का खुलासा, 15 कामर्शियल सिलेंडर बरामद
कैथल, 25 मार्च (हि.स.)। कैथल शहर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 कामर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने पिकअप गाड़ी के ड्राइवर को हिरासत में लेकर वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी सिलेंडरों को चार से पांच हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच रहा था।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक पिकअप गाड़ी में 15 कामर्शियल सिलेंडर लदे हुए हैं। चालक इन सिलेंडरों को अंबाला ले जाने की बात कह रहा था, लेकिन गाड़ी खराब होने के कारण वह कैथल में ही रुक गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अंबाला रोड पर पहुंची और मौके पर छापेमारी कर गाड़ी सहित चालक को काबू कर लिया।
कैथल में सप्लाई का शक
प्रारंभिक पूछताछ में गांव करोड़ा निवासी चालक ने बताया कि वह सिलेंडर अंबाला लेकर जा रहा था। हालांकि पुलिस को शक है कि ये सिलेंडर कैथल में ही ऊंचे दामों पर सप्लाई किए जाने थे। जानकारी के अनुसार ये सिलेंडर किसी अन्य जिले की गैस एजेंसी से लाए गए थे, क्योंकि कैथल में फिलहाल कामर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध नहीं है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक
विभाग को दी सूचना
सिविल लाइन थाना प्रभारी रामनिवास ने बुधवार काे बताया कि मामले की जानकारी डीएफएससी (जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक) विभाग को दे दी गई थी। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

