कैथल : बंधक बनाकर डकैती का फरार इनामी बदमाश काबू

WhatsApp Channel Join Now
कैथल : बंधक बनाकर डकैती का फरार इनामी बदमाश काबू


कैथल, 21 मार्च (हि.स.)। फैक्ट्री में कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस केस में पहले ही 10 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। एसडीयू ने जींद जिले के गांव कहसून निवासी संजय काे गिरफ्तार किया है। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम था।

मामले की शिकायत चीका निवासी अमित कुमार ने दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि गांव माजरी में उनकी शिव कैलाश ग्रीन एनर्जी नाम से फैक्ट्री है। 19 जनवरी की रात करीब तीन बजे उन्हें फैक्ट्री से चोरी की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारी डरे हुए थे।

वर्कर नवीन कुमार ने बताया कि रात करीब दाे बजे चार युवक मुंह ढके हुए कमरे में घुसे। उनके हाथों में लाठियां और ईंटें थी। आरोपियों ने मारपीट कर उसे बांध दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने दूसरे कमरे में सो रहे रोशन कुमार और भोला को भी बंधक बना लिया। आरोपी फैक्ट्री से ट्रांसफार्मर का सामान और कैमरे की डीवीआर चोरी कर फरार हो गए।

इस संबंध में थाना गुहला में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एसडीयू प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए जींद जिले के गांव कहसुन निवासी संजय को गिरफ्तार कर लिया। वह इस गिरोह का सदस्य था और काफी समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story