कैथल : पूर्व डिप्टी सीएम से बहस के बाद फिर विवादों में कबड्डी खिलाड़ी, हुआ हमला

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 03 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव हरीगढ़ किंगन में एक बार फिर वही कबड्डी खिलाड़ी सुर्खियों में है, जो करीब एक साल पहले पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से बहस के बाद विवादों में आया था। अब गांव के खेल मैदान में बच्चों को प्रैक्टिस करवा रहे खिलाड़ी गांव हरीगढ़ किंगन निवासी अरविंद्र सिंहपर चार युवकों द्वारा डंडों और लाठियों से हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर चीका थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह वही खिलाड़ी है जिसने एक साल पहले दुष्यंत चौटाला के कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी और बहस की थी। उस समय भी उसके साथ मारपीट का मामला सामने आया था। खिलाड़ी का आरोप था कि कार्यक्रम में विरोध के बाद उसे देख लेने की धमकी दी गई थी। वहीं दूसरी ओर उस समय उस पर आरोप लगा था कि वह शराब के नशे में जेजेपी कार्यकर्ता के घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा था, जिसके बाद झगड़ा हुआ।

गांव हरीगढ़ किंगन निवासी अरविंद्र सिंह ने चीका थाना में दी शिकायत में बताया कि वह कबड्डी खिलाड़ी है और गांव के खेल मैदान में बच्चों को नियमित रूप से प्रैक्टिस करवाता है। गत दिवस वह खेल मैदान की ओर जाने वाले रास्ते की सफाई कर रहा था। इसी दौरान मलकीत और अमन वहां पहुंचे और अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर दोनों ने डंडों और लाठियों से उस पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के कुछ घंटों बाद बलकार और लाभा हथियारों के साथ उसके घर पहुंचे। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पुलिस काे फाेन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। अरविंद्र ने कहा कि उसे जजपा नेता और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चाैटाला के विराेध में प्रदर्शन करने पर यह हमला करवाया गया है। चीका थाना के एसएचओ अमन कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story