कैथल: पति का जानकार बताकर महिला से 27 हजार की ठगी

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के कलायत क्षेत्र में एक व्यक्ति ने फर्जी मैसेज भेजकर महिला से 27 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को महिला के पति का जानकार बताते हुए पहले खाते में तीन हजार रुपये भेजने की बात कही और बाद में 30 हजार रुपये जमा होने का नकली मैसेज भेजकर उसे झांसे में ले लिया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कलायत निवासी रीना देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन मार्च को उसके पास हसीन खान नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को उसके पति का परिचित बताते हुए कहा कि वह उसके खाते में तीन हजार रुपये भेज रहा है। कुछ समय बाद आरोपी ने उसके मोबाइल पर एक मैसेज भेजा, जिसमें 30 हजार रुपये उसके खाते में जमा होने की जानकारी दिखाई गई।

इसके बाद आरोपी ने दोबारा फोन कर कहा कि उससे गलती से तीन हजार की जगह 30 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं और वह 27 हजार रुपये वापस कर दे। आरोपी की बातों में आकर महिला ने उसके बताए खाते में 27 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। कलायत थाना के एसएचओ सुभाष चंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story