कैथल: पंजाब सीमा पर रातभर चला सर्च ऑपरेशन

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: पंजाब सीमा पर रातभर चला सर्च ऑपरेशन


कैथल, 08 मई (हि.स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने पंजाब-हरियाणा सीमा पर विशेष अभियान चलाते हुए पूरी रात सघन नाकाबंदी की। इस दौरान सैकड़ों वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक अंतर-राज्य नाका चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत टटियाना नाका पर विशेष रूप से सख्ती बरती गई। इस दौरान करीब 70 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने मौके पर मौजूद रहकर अभियान की अगुवाई की। पुलिस टीम ने कुल 462 वाहनों की गहन जांच की।

चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए आठ वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को इंपाउंड किया गया।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि अपराध पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story