कैथल : नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर परेशान करने व फोटो वायरल करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल : नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर परेशान करने व फोटो वायरल करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 05 मार्च (हि.स.)। महिला विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी उपासना सिंह के निर्देशानुसार जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कैथल की एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसला कर परेशान करने, उसकी फोटो वायरल कर बदनाम करने तथा धमकियां देने के मामले में सीआईए-एक और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार काे बताया कि कैथल की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी नाबालिग पुत्री, जो दसवीं कक्षा की छात्रा है, से नरवाना क्षेत्र निवासी अभिषेक ने मार्च 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क किया था। आरोपी ने पहले दोस्ती कर उसे अपने झांसे में लिया और शादी का झूठा वादा कर उससे बातचीत करने लगा। बाद में उसने अपने साथियों रोहित और अजय के साथ मिलकर छात्रा को धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने छात्रा की फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और मिलने के लिए दबाव बनाया। एक बार बहाने से बुलाकर उसे कार में बैठा लिया तथा उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी फोटो कई लोगों को भेजकर उसे बदनाम करने की भी कोशिश की।

इस संबंध में थाना सिविल लाइन में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत और सिविल लाइन थाना के एसआई राजेश की संयुक्त टीम ने की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जिला जींद के गांव ब्राम्हण वाला भाणा निवासी अभिषेक, अजय और रोहित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story