कैथल: तेज आवाज में गाने बजाने पर ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई, 21 हजार का चालान
कैथल, 30 मार्च (हि.स.)। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जिला पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेज आवाज में गाने बजा रहे एक ट्रैक्टर चालक का 21 हजार रुपये का चालान किया, वहीं बिना नंबर प्लेट चल रही छह मोटरसाइकिलों को इंपाउंड कर लिया।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत अंबाला रोड पर ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल की टीम गश्त पर थी। इस दौरान एक ट्रैक्टर चालक सार्वजनिक मार्ग पर बड़े-बड़े स्पीकर लगाकर तेज आवाज में गाने बजाते हुए वाहन चला रहा था, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को काबू किया। जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर पर बड़े साउंड सिस्टम के अलावा टायरों में अवैध मॉडिफिकेशन किया गया था और वाहन पर प्रतिबंधित लाल-नीली लाइट भी लगी हुई थी, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। इन सभी नियमों की अवहेलना के चलते ट्रैक्टर चालक का 21 हजार रुपये का चालान किया गया।
इसके अलावा, अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रही छह मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
एसपी ने कहा कि जिले में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाएं, अनावश्यक मॉडिफिकेशन से बचें और यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

