कैथल: तीन हजार रुपये के विवाद में दोस्त की हत्या, हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट
कैथल, 01 जून (हि.स.)। जिले के गांव भाना में महज तीन हजार रुपये के विवाद ने एक दोस्त की जान ले ली। शराब के नशे में हुए झगड़े ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक युवक ने अपने ही साथी पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बिहार के शिवहर जिले के तरियानी छापरा गांव निवासी कामेश्वर दास अपने साथियों उमेश दास और राकेश के साथ जिले के गांव भाना में गन्ना लगाने का काम करने आए हुए थे। तीनों मजदूर एक किसान के खेत में काम कर रहे थे और ट्यूबवेल के पास बने कमरे में रहते थे।
शनिवार रात काम खत्म करने के बाद तीनों साथी कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान राकेश खाना बनाने के लिए वहां से चला गया और कमरे में केवल कामेश्वर और उमेश ही रह गए।
इसी बीच उमेश ने आरोप लगाया कि उसकी जेब से तीन हजार रुपये गायब हो गए हैं और उसने इसके लिए कामेश्वर को जिम्मेदार ठहराया।
शराब के नशे में दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि उमेश बार-बार अपने पैसे वापस मांग रहा था, जबकि कामेश्वर इस बात से इनकार कर रहा था कि उसके पास पैसे हैं।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उमेश ने कमरे में रखा हथौड़ा उठा लिया और कामेश्वर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कामेश्वर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी उमेश दास मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पूंडरी थाना के एसएचओ शिव कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

