कैथल: डुल्यानी गांव में पत्नी की हत्या करने वाला युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: डुल्यानी गांव में पत्नी की हत्या करने वाला युवक गिरफ्तार


कैथल, 04 फ़रवरी (हि.स.). पूंडरी क्षेत्र में एक विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिव कुमार के नेतृत्व में पीएसआई सुनील कुमार की टीम ने बुधवार काे गांव डुल्यानी निवासी सुरजीत सिंह को काबू किया।

कैथल निवासी मृतका के पिता वेदप्रकाश ने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ज्योति की शादी करीब 10–11 वर्ष पहले सुरजीत सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए, लेकिन इसके बाद से ही ज्योति को दहेज को लेकर पति, सास बीरमती, ससुर ईश्वर सिंह, देवर और ननद द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उससे मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जाता और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी।

वर्ष 2021 में इस मामले को लेकर पंचायत के माध्यम से समझौता भी हुआ था, लेकिन ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। हाल ही में 3 फरवरी दोपहर करीब 3 बजे मृतका के ससुर ने फोन कर परिजनों को बताया कि ज्योति उनके साथ मारपीट कर रही है। इसके बाद उसका भतीजा आशीष और छोटी बेटी ज्योति के घर पहुंचे, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली। परिजन उसे मोटरसाइकिल पर पहले पूंडरी और फिर कैथल के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लकड़ी की फट्टी और एक प्लास्टिक पाइप बरामद किया है। पूछताछ के बाद अदालत के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story