कैथल: ज्ञान भारतम् मिशन में किया जाएगा प्राचीन पांडुलिपि व अभिलेखों को संरक्षित 

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: ज्ञान भारतम् मिशन में किया जाएगा प्राचीन पांडुलिपि व अभिलेखों को संरक्षित 


कैथल, 02 अप्रैल (हि.स.)। डीसी अपराजिता ने कहा कि सरकार द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन के तहत प्राचीन ऐतिहासिक धार्मिक एवं किसी भी अन्य प्रकार के प्राचीन पांडुलिपियों, अभिलेखागारों को लेकर सर्वे करवाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्राचीन पांडुलिपि विरासत के संरक्षण और दस्तावेजीकरण किया जाएगा। आमजन से अपील है कि किसी के पास कोई पांडुलिपि या अभिलेख हो तो उसकी सूचना प्रशासन को दें। ताकि उन्हें संरक्षित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सर्वे को निर्धारित समय में पूरा करें।

डीसी अपराजिता गुरुवार को पांडुलिपियों और अभिलेखों के सर्वे को लेकर राज्य स्तर पर प्रदेश के मुख्य सचिव द्वारा ली गई वीडियाे कान्फ्रेंस के बाद अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के प्राचीन ऐतिहासिक एवं धार्मिक अभिलेख पुरातत्व विभाग की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण होते हैं। हमें उस दौर की जानकारी मिलती है, जिस दौर के ये अभिलेख होते हैं। इससे इतिहास को अधिक तथ्यात्मक ढंग से समझने में भी मदद मिलती है।

उन्होंने जिले में संचालित लाइब्रेरी, विश्वविद्यालयों, संस्कृत पाठशाला सहित सभी ऐसे संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि इस संबंध में आवश्यक जानकारी लोगों को दें और पुरातन वस्तुओं को लेकर काम करने वाले संगठनों के प्रतिनिधियों से भी बात करें। साथ ही फील्ड सर्वे, भौतिक सत्यापन एवं जियो टैगिंग का कार्य निर्धारित मानक अनुसार किया जाए। इस अवसर पर जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डा. मनोज भ्रांबू, महिला एवं बाल कल्याण अधिकारी गुरजीत कौर भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story