कैथल: --घातक कैंसर जैसी बीमारी पर नियंत्रण पाने के लिए 28 फरवरी से शुरू होगा राष्ट्रव्यापी टीकाकरण :- सीएमओ रेणू चावला

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: --घातक कैंसर जैसी बीमारी पर नियंत्रण पाने के लिए 28 फरवरी से शुरू होगा राष्ट्रव्यापी टीकाकरण :- सीएमओ रेणू चावला


कैथल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। कैथल में 28 फरवरी से शुरू होने जा रहे राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। घातक सर्वाइकल कैंसर पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला ने गुरुवार काे प्रेस वार्ता में बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार तथा हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं में सर्वाधिक पाए जाने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान 28 फरवरी से शुरू किया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ प्रारंभ होगा और जिला कैथल में भी इसकी विधिवत शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले की लगभग 12 हजार निर्धारित आयु वर्ग की लड़कियों की सूची तैयार की गई है। सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों एवं नागरिक अस्पतालों में 14 से 15 वर्ष तक की लड़कियों को एचपीवी का टीका नि:शुल्क लगाया जाएगा। इस वैक्सीन की डोज से भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसे घातक रोग से बचाव संभव है।

डॉ. रेणू चावला ने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को किसी प्रकार के भ्रम या डर में आने की आवश्यकता नहीं है। जागरूकता और समय पर टीकाकरण ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण का सबसे सशक्त माध्यम है।

सीएमओ ने कहा कि सरकार का अगला चरण महिलाओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग से संबंधित होगा, जिसके अंतर्गत व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया जाएगा ताकि समय रहते बीमारी की पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित आयु वर्ग की सभी लड़कियों का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story