कैथल: ग्योंग ड्रेन में मिला बुजुर्ग का शव, आधार कार्ड से हुई पहचान

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 05 जून (हि.स.)। शहर के शेरगढ़ रोड स्थित शिव कॉलोनी के पास शुक्रवार सुबह ग्योंग ड्रेन से एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुभाष नगर निवासी 60 वर्षीय रमेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे राहगीरों ने ड्रेन के गंदे पानी में शव तैरता देखा। इसके बाद तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को ड्रेन से बाहर निकलवाया।

शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मृतक का बेटा रवि मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि उसके पिता एक दिन पहले घर से निकले थे और तब से उनका कोई पता नहीं चल रहा था।

बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि मृतक के बेटे के बयान के आधार पर इत्तफाकिया धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story