कैथल: खेतों से गैस सिलेंडर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चार सिलेंडर बरामद
कैथल, 30 मार्च (हि.स.)। कलायत क्षेत्र में खेतों से गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर उसके कब्जे से चार चोरीशुदा गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि कुराड़ निवासी सोनू ने 13 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके दुब्बल रोड स्थित खेत में बने नेट हाउस का पन्ना फाड़कर और कोठे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर गैस सिलेंडर चोरी कर ले गया। इसी तरह आसपास के तीन अन्य किसानों के खेतों से भी गैस सिलेंडर चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। इस पर थाना कलायत में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई अशोक कुमार की टीम ने करते हुए गांव धारसूल, जिला फतेहाबाद निवासी रिम्पल को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से एक गैस सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई थी।
आरोपी से गहन पूछताछ के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी ने अन्य वारदातों का भी खुलासा किया और गांव शिमला में एक खेत के कोठे से गैस सिलेंडर, हुक्का और तार चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल चार चोरीशुदा गैस सिलेंडर बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

