कैथल के गुहला में चिट्टे के साथ तीन युवक गिरफ्तार, कार जब्त
कैथल, 05 जून (हि.स.)। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की रात सीआईए-1 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100.05 ग्राम चिट्टा बरामद किया है, जबकि मौके से एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार सीआईए-1 टीम गश्त पर थी, तभी गांव सलेमपुर के पास पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि चीका के वार्ड नंबर छह निवासी अजय, सीन्टू और सतीश नशे का कारोबार करते हैं और पंजाब से हेरोइन लेकर वापस आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डेरा भाग सिंह से खुशहाल माजरा मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद एक स्विफ्ट कार में सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अजय, सीन्टू और सतीश के रूप में हुई।
डीएसपी गुहला की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक पॉलीथिन में 100.05 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके साथ ही कार को भी कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी सतीश को आगे की पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि बाकी दोनों आरोपियों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

