कैथल की पॉश कॉलोनी में 15 दिन से पानी संकट, उल्टी बाल्टियां लेकर सड़कों पर उतरे लोग

WhatsApp Channel Join Now
कैथल की पॉश कॉलोनी में 15 दिन से पानी संकट, उल्टी बाल्टियां लेकर सड़कों पर उतरे लोग


कैथल, 29 अप्रैल (हि.स.)। शहर के नवग्रह चौक के पास स्थित पॉश कॉलोनी अग्रसेन पुरम में पिछले 15 दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। भीषण गर्मी के बीच पानी की एक बूंद तक न आने से कॉलोनी वासियों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को पीने का पानी बाजार से खरीदना पड़ रहा है, जबकि घरेलू उपयोग के लिए आसपास के बोरवेल पंपों का सहारा लेना पड़ रहा है।

कॉलोनी निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जल विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही। आरोप है कि अधिकारी अब फोन तक उठाना बंद कर चुके हैं। मौके पर संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही।

समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और कॉलोनी वासियों ने बुधवार काे खाली उल्टी बाल्टियां लेकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि बिना पानी के घर का कोई काम संभव नहीं है और उन्हें मजबूरी में दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। निवासियों ने कहा कि यह स्थिति किसी पिछड़े क्षेत्र जैसी लग रही है, जबकि कॉलोनी शहर के बीचों-बीच स्थित है। कई परिवार अब अपने स्तर पर सबमर्सिबल बोर लगवाने को मजबूर हो गए हैं, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में चरणदास बंसल, सुभाष शास्त्री, सुनीता, सोनिया गर्ग और चंद्रशेखर थरेजा सहित अनेक कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story