कैथल: कार-बाइक टक्कर में दो बहनों के इकलौते भाई की माैत

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: कार-बाइक टक्कर में दो बहनों के इकलौते भाई की माैत


कैथल, 10 सितंबर (हि.स.)। गांव थेहबनेड़ा में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार करीब 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। युवक अपने परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।गांव थेहबनेड़ा डेरा बाजीगर निवासी मलकीत सिंह ने चीका थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जगदंबा राइस मिल में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है। उसके बड़े भाई मनजीत सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। मनजीत सिंह के परिवार में एक बेटा जसप्रीत सिंह और दो बेटियां हैं। जसप्रीत बाइक ठीक करने का काम करता था।शिकायत के अनुसार, जसप्रीत सिंह बुधवार शाम बाइक पर अपनी बड़ी बहन को लेने के लिए भागल गांव की ओर जा रहा था। जब वह गांव थेहबनेड़ा में पंचायत भूमि के पास पहुंचा तो इसी दौरान एक अज्ञात कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जसप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजन घायल जसप्रीत को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल गुहला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।चीका थाना पुलिस ने मृतक के चाचा मलकीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की पहचान करने के प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story