कैथल : कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी करके 10 हजार करोड़ रुपये और जुटाने की तैयारी में सरकार : रणदीप

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 22 मार्च (हि.स.)।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर कलेक्टर रेट में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक अप्रैल 2026 से कलेक्टर रेट बढ़ाकर सरकार आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है और इसे “भाजपाई वसूली” करार दिया।

रणदीप सुरजेवाला ने रविवार काे कहा कि पिछले करीब नाै महीनों में राज्य सरकार प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त, रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी के जरिए करीब 13,099 करोड़ रुपये की वसूली कर चुकी है। अब कलेक्टर रेट में पांच प्रतिशत या उससे अधिक की बढ़ोतरी कर सरकार 10 हजार करोड़ रुपये और जुटाने की तैयारी में है। उनके अनुसार, इस तरह कुल मिलाकर लगभग 23 हजार करोड़ का अतिरिक्त बोझ आम लोगों पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब कलेक्टर रेट बढ़ाए जा रहे हैं। इससे पहले एक अगस्त 2025 को भी सरकार ने इसी तरह की बढ़ोतरी की थी। पिछले तीन वर्षों में सरकार प्रॉपर्टी रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी से 33,562.35 करोड़ की आय कर चुकी है, इसके बावजूद रेट बढ़ाना आम जनता के साथ अन्याय है।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा के लोग पहले से ही बेरोजगारी, महंगाई, बिजली-पानी के बढ़ते बिल और पेट्रोल-डीजल की कीमतों से जूझ रहे हैं। ऐसे में कलेक्टर रेट बढ़ने से घर खरीदना और भी महंगा हो जाएगा, जिससे मध्यम वर्ग और युवाओं के लिए अपना घर लेना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि खासकर एनसीआर के जिलों, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में इस फैसले से लोगों में चिंता का माहौल है। प्लॉट, फ्लैट और मकान की कीमतों में बढ़ोतरी से रियल एस्टेट बाजार पर भी असर पड़ेगा।

कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि कलेक्टर रेट में प्रस्तावित बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए और आम जनता को राहत दी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को “वसूली मॉडल” का उदाहरण बना दिया है, जहां जनता पर लगातार आर्थिक दबाव डाला जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story