कैथल: कपिल मुनि सरोवर में कूदी दो सगी बहनें, दोनों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: कपिल मुनि सरोवर में कूदी दो सगी बहनें, दोनों की मौत


कैथल: कपिल मुनि सरोवर में कूदी दो सगी बहनें, दोनों की मौत


कैथल, 19 मई (हि.स.)। जिले के कलायत क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। प्राचीन कपिल मुनि मंदिर के सरोवर में कूदकर दो सगी बहनों ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घर में मामूली कहासुनी के चलते लड़कियों ने यह कदम उठाया। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया, लेकिन जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक बहनों की पहचान 21 वर्षीय पलक और 19 वर्षीय परमजीत के रूप में हुई है, जो रेलवे रोड स्थित सीता नगर की रहने वाली थीं। उनके पिता रविंद्र कुमार प्राइवेट टैक्सी चालक हैं और माता गृहिणी हैं। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। इनमें से दो लड़कियों ने आत्महत्या कर ली।बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह घर में किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद दोनों बहनें सुबह पांच बजे घर से निकल गईं और कपिलमुनि मंदिर के सरोवर पर पहुंच गई। कपिल मुनि मंदिर के पुजारी संजय गौतम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों लड़कियों को सरोवर की ओर दौड़ते हुए देखा। इसके तुरंत बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और प्रशासन को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही श्री कपिल मुनि तीर्थ कमेटी के प्रधान राजू कौशिक, युवा राजबीर रहबारी सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और सरोवर में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया और तुरंत कलायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से उन्हें कैथल में जिला अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story