कैथल: कनाडा भेजने के नाम पर 15 लाख की ठगी, 64 केसों का आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 13 मई (हि.स.)। कैथल पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एंटी इमिग्रेशन सैल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने जांच करते हुए सेक्टर-55 मोहाली (पंजाब) निवासी राकेश उर्फ रिक्खी को नियमानुसार गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता सोनू निवासी गांव अमरगढ़ गामड़ी (कैथल) ने बताया कि वह विदेश जाकर नौकरी करना चाहता था। इस दौरान उसने यूट्यूब पर “रुद्राक्ष ग्रुप ओवरसीज सॉल्यूशन” नामक कंपनी का विज्ञापन देखा और कंपनी के कर्मचारियों से संपर्क किया। कर्मचारियों मनराज, गगन व अन्य ने उसे भरोसा दिलाया कि वे कनाडा में वर्क वीजा लगवाकर अच्छी नौकरी दिलाएंगे।
आरोपियों ने उससे इस कार्य के लिए 16 लाख रुपये की मांग की और उसे मोहाली स्थित कार्यालय में बुलाया। वहां उसे कनाडा की कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया, जहां 4870 कनाडाई डॉलर मासिक वेतन, रहने-खाने और आने-जाने की सुविधा देने का दावा किया गया। साथ ही दो वर्ष का वर्क वीजा और दो वर्ष का एक्सटेंशन दिलवाने का आश्वासन दिया गया।
शुरुआत में शिकायतकर्ता से 30,500 रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद लगातार फोन कर जल्द पैसे जमा कराने का दबाव बनाया गया। सात फरवरी 2024 को शिकायतकर्ता ने 15 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
निर्धारित समय बीतने के बाद जब पीड़ित ने संपर्क किया तो आरोपी बहाने बनाने लगे। बाद में जब वह मोहाली स्थित कार्यालय पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी की और पैसे मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
इस संबंध में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी राकेश उर्फ रिक्खी पर हरियाणा, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में धोखाधड़ी के 64 मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले से ही एक अन्य धोखाधड़ी मामले में न्यू नाभा जेल (पंजाब) में बंद था। पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

