कैथल: ऑपरेशन स्माइल: एक महीने में 206 गुमशुदा ढूंढे, 15 बच्चों को बाल मजदूरी व भीख मांगने से कराया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: ऑपरेशन स्माइल: एक महीने में 206 गुमशुदा ढूंढे, 15 बच्चों को बाल मजदूरी व भीख मांगने से कराया रेस्क्यू


कैथल, 01 मई (हि.स.)। मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन स्माइल के तहत कैथल पुलिस ने अप्रैल माह में सराहनीय कार्य करते हुए 206 गुमशुदा व्यक्तियों को ढूंढकर उनके परिजनों से मिलवाया। अभियान के दौरान भीख मांगने और बाल मजदूरी में लगे 15 बच्चों को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया गया।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने शुक्रवार को बताया कि इस अभियान का उद्देश्य गुमशुदा बच्चों और वयस्कों की तलाश के साथ-साथ मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि ढूंढे गए 206 व्यक्तियों में 43 बच्चे और 163 वयस्क महिला व पुरुष शामिल हैं। एसपी ने कहा कि पुलिस की टीमों ने निरंतर प्रयास करते हुए गुमशुदा महिलाओं और अन्य व्यक्तियों को खोजकर उनके परिवारों से मिलवाने का काम किया है। इसके साथ ही बाल मजदूरी और भीख मांगने के कार्य में लगे बच्चों को रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया गया। उन्होंने आमजन से अपील की कि मानव तस्करी या गुमशुदगी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन, चौकी, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कैथल पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जिले में नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story