कैथल: एमबीबीएस में दाखिले का झांसा देकर महिला से आठ लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: एमबीबीएस में दाखिले का झांसा देकर महिला से आठ लाख की ठगी, दो गिरफ्तार


कैथल, 06 जुलाई (हि.स.)। एमबीबीएस में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर एक महिला से करीब आठ लाख रुपये ठगने के मामले में सीवन थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साेमवार काे दोनों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने सरकारी कोटे से मेडिकल कॉलेज में सीट दिलाने का झांसा देकर महिला से अलग-अलग किस्तों में रकम ऐंठी थी।

भूना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी मंजीत कौर ने शिकायत दी थी कि उनकी बेटी मुस्कान ने एमबीबीएस में प्रवेश के लिए मोहाली में रहकर नीट-2025 की तैयारी की थी। परीक्षा के बाद घोषित परिणाम में अपेक्षित अंक नहीं आने के कारण उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट नहीं मिली।

इसी दौरान मुस्कान के साथ पढ़ने वाले गांव हेमू माजरा निवासी युवक अभिनव ने अपने परिचित अमन से संपर्क कराने की बात कही। अमन ने खुद को मेडिकल कॉलेज से जुड़े लोगों का जानकार बताते हुए दावा किया कि वह सरकारी कोटे में एमबीबीएस की सीट दिलवा सकता है। इसके लिए उसने जरूरी दस्तावेज तैयार कराने और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के मुताबिक अमन कई बार उनके घर आया और एडमिशन की प्रक्रिया आगे बढ़ने का विश्वास दिलाते हुए समय-समय पर पैसे मांगता रहा। बेटी का भविष्य देखते हुए परिवार ने उस पर भरोसा किया और अलग-अलग किश्तों में करीब आठ लाख रुपये दे दिए।

कुछ समय बाद जब परिवार ने मुस्कान का दोबारा कोचिंग संस्थान में दाखिला कराने की बात कही तो आरोपी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि अब इसकी जरूरत नहीं है, क्योंकि एमबीबीएस में प्रवेश लगभग तय है और जल्द ही एडमिशन से संबंधित फाइल आ जाएगी। कई महीने बीत जाने के बाद भी जब न तो दाखिले की कोई सूचना मिली और न ही कोई दस्तावेज मिला, तो परिवार को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने स्वयं पटियाला स्थित मेडिकल कॉलेज और संबंधित विश्वविद्यालय से जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि मुस्कान का किसी भी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश नहीं हुआ है। तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।

शिकायत के आधार पर सीवन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पटियाला निवासी अमन और गांव हेमू माजरा निवासी अभिनव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story