कैथल: एफआईआर के विरोध में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन, 26वें दिन भी जारी रही गेट मीटिंग

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: एफआईआर के विरोध में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन, 26वें दिन भी जारी रही गेट मीटिंग


कैथल, 10 अप्रैल (हि.स.)। राजीव गांधी विद्युत सदन परिसर में बिजली कर्मचारियों ने एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बिना पक्ष सुने सब अर्बन नंबर-1 के जेई एवं यूनिट सचिव राजबीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है, जिसके विरोध में पिछले 26 दिनों से लगातार गेट मीटिंग कर रोष जताया जा रहा है।

कर्मचारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के विभिन्न सब डिवीजनों में भी इसी मुद्दे को लेकर गेट मीटिंग आयोजित कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कैथल शहर यूनिट के प्रधान रणर्कीत और सचिव नीरज यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान यूनिट प्रधान ओमप्रकाश चंदाबतपउमना, यूनिट सचिव राजबीर (जेई) और चेयरमैन दिलबाग सैनी ने कहा कि बिजली मंत्री अनिल विज द्वारा कष्ट निवारण समिति की बैठक में बिना कर्मचारियों का पक्ष सुने कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों के विरुद्ध जाकर कर्मचारियों को निलंबित किया जा रहा है और झूठी एफआईआर दर्ज करवाई जा रही हैं, जिससे कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है और कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उक्त एफआईआर रद्द नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते निर्णय नहीं लिया तो यूनियन को मजबूर होकर आंदोलन को और तेज करना पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान शीशपाल सैनी (जेई), होशियार सिंह, जेई मुकेश कुमार, संदीप चहल, सुमन (एलडीसी), विनोद, सतीश बालू, दलबीर सिंह, वेदपाल, विकास, मुकेश कठवाड़, प्रदीप भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story