कैथल: एचएसजीएमसी के प्रधान नेे पूर्व प्रधान पर लगाया पिस्ताेल तानकर हमले का आरोप, झिंडा-दादूवाल आमने-सामने

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: एचएसजीएमसी के प्रधान नेे पूर्व प्रधान पर लगाया पिस्ताेल तानकर हमले का आरोप, झिंडा-दादूवाल आमने-सामने


कैथल: एचएसजीएमसी के प्रधान नेे पूर्व प्रधान पर लगाया पिस्ताेल तानकर हमले का आरोप, झिंडा-दादूवाल आमने-सामने


कैथल, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीएमसी) के प्रधान जगदीश सिंह झिंडा ने पूर्व प्रधान जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल पर पिस्ताेल तानकर हत्या का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। झींडा ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल ने पंजाब बॉर्डर के पास पिस्ताेल दिखाकर हत्या का प्रयास किया और पीछे गाड़ी लगाकर उनको गोली मारने का प्रयास किया।

इस घटना को लेकर सिख समुदाय में चिंता और रोष का माहौल है। मामले को लेकर कैथल स्थित श्री नीम साहिब गुरुद्वारा के सभाहाल में सिख संगत की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें इस पूरे घटनाक्रम की निंदा की गई। प्रेस वार्ता के दौरान झिंडा ने बुधवार काे बताया कि मंगलवार को वे पंजाब के एक गांव में आयोजित भोग कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान मंच से दादूवाल ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा कमेटी की कार्यप्रणाली पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इस पर आपत्ति जताने के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

झिंडा का आरोप है कि कार्यक्रम से लौटते समय दादूवाल के समर्थकों ने उनकी गाड़ी को रास्ते में रोक लिया और उनके साथ मारपीट करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन पर पिस्तौल तान दी गई और दादूवाल ने कथित तौर पर गोली चलाने का आदेश भी दिया। हालांकि, ड्राइवर और सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ से वे सुरक्षित बच निकले। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया, लेकिन पंजाब बॉर्डर पर पुलिस की मौजूदगी के कारण वे वापस लौट गए। झिंडा ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए दादूवाल जिम्मेदार होंगे। झिंडा ने पंजाब पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में दादूवाल के खिलाफ हत्या का प्रयास के तहत केस दर्ज नहीं किया गया, तो हरियाणा की सिख संगत पटियाला के एसपी से मिलकर न्याय की मांग करेगी।

वहीं, दूसरी ओर पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि झिंडा के आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। दादूवाल ने उल्टा आरोप लगाया कि झिंडा ने भोग कार्यक्रम में आकर बेअदबी की है।

दादूवाल ने कहा कि झिंडा अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा लेने के उद्देश्य से इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि झिंडा ने पहले ही सुरक्षा बढ़ाने के लिए आवेदन किया हुआ है और यह पूरा घटनाक्रम उसी का हिस्सा है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे इस मामले में झिंडा के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story