कैथल: उत्साह व जनभागीदारी के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: उत्साह व जनभागीदारी के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस


कैथल, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त अनाज मंडी में उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम में डीसी अपराजिता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पूर्व विधायक लीला राम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, योग प्रशिक्षकों एवं आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

डीसी अपराजिता ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर और संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। नियमित योगाभ्यास से जहां शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, वहीं मानसिक तनाव कम होकर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि योग की अलख आज पूरे विश्व में फैल चुकी है और यह भारत की अमूल्य देन है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नियमित योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि करोगे योग, रहोगे निरोग केवल नारा नहीं, बल्कि जीवन का मूल मंत्र है।

कार्यक्रम के दौरान जिला नागरिक अस्पताल के योग विशेषज्ञ डॉ. एचएस हुड्डा ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया।

इसमें ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कमर व घुटनों के सूक्ष्म व्यायाम के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, मकरासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। अंत में शवासन के माध्यम से पूर्ण विश्राम दिया गया। इस अवसर पर एसपी मनप्रीत सिंह, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story