कैथल: अवैध कॉलोनियों पर सख्ती बढ़ेगी, नियमित कार्रवाई के आदेश

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: अवैध कॉलोनियों पर सख्ती बढ़ेगी, नियमित कार्रवाई के आदेश


कैथल, 13 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त अपराजिता ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें डीटीपी कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जिले में चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।

बैठक में डीसी अपराजिता ने स्पष्ट कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला नगर योजनाकार को निर्देश दिए कि अवैध कॉलोनियों पर लगातार कार्रवाई की जाए और अवैध प्लाटिंग या निर्माण को शुरुआती स्तर पर ही रोक दिया जाए, ताकि जिले में सुनियोजित विकास को बढ़ावा मिल सके।

डीटीपी प्रवीन कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि हाल ही में करनाल रोड पर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा शुगर मिल के पास स्थित एक कॉलोनी में भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन कुछ स्थानों पर लोग दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर देते हैं। उन्होंने बताया कि पूंडरी, ढांड और कैथल क्षेत्र में नई अवैध कॉलोनियों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं और जल्द ही इन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीसी ने पुलिस और डीटीपी विभाग को निर्देश दिए कि अवैध निर्माण से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बाद चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने लंबित मामलों की विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों को रोकने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। खासतौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हो रहे अवैध निर्माणों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं। बैठक में डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीटीपी प्रवीन कुमार, एआईपीआरओ अमित कौशिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story