कैथल:तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद
कैथल, 09 अप्रैल (हि.स.)। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चार किलो 125 ग्राम चूरा पोस्त और 7.24 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। साथ ही नशा तस्करी में प्रयुक्त एक गाड़ी भी जब्त की गई है।
डीएसपी रोहताश ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसमेर सिंह की टीम ढांड रोड पर रात्रि गश्त कर रही थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार दो युवक कोर्ट रोड के पास नशीला पदार्थ लेकर खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को घेर लिया और दोनों युवकों को काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान गांव क्योड़क निवासी रिंकू उर्फ काला और आर्यन के रूप में हुई। ईटीओ कंचन पांड्या की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर कार की सीट के नीचे से एक सफेद पॉलिथीन में चार किलो 215 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई रोहताश की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान महाराणा प्रताप चौक, राजौंद के पास सूचना मिली कि वार्ड नंबर चार निवासी विशाल हेरोइन बेचने का काम करता है और बस अड्डे के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान विशाल निवासी राजौंद के रूप में हुई। ईटीओ कंचन पांड्या की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 7.24 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी ने बताया कि वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में पुलिस ने 34 मामलों में 47 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इसके अलावा शराब तस्करी के 104 मामलों में 107 आरोपियों को काबू कर हजारों लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

