कैथल:कार की टक्कर से भाई की मौत, बहन गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के गांव भागल में तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में घायल किशाेर की इलाज के दाैरान मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव ककराला गुजरान निवासी गौरव ने चीका थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आईटीआई ईस्माइलाबाद में पढ़ाई करता है। उसका छोटा भाई रमन, जो 11वीं कक्षा का छात्र था। चार फरवरी को अपनी चचेरी बहन राखी को लेने के लिए गर्ल्स कॉलेज चीका गया था। शाम के समय जब दोनों बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे और गांव भागल में सरकारी स्कूल के पास एक कार चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रमन और राखी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल गुहला पहुंचाया, जहां इलाज के दाैरान रमन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राखी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story