इनोवा खाई में गिरने से एक महिला की मौत, चालक समेत सात घायल

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। हरियाणा के पंचकूला में इनोवा गाड़ी के खाई में गिरने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि चालक और छह महिलाएं घायल हो गई। ये सभी मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश के परवाणु में साबुन कंपनी में ड्यूटी पर जा रहे थे।पंचकूला के पिंजौर के नौल्टा गांव में हुए इस हादसे में गाड़ी करीब 20 फीट नीचे बांस के पेड़ों में अटक गई थी। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया। घायलों में केदारपुर और जखरौदा की ममता, सुनीता, सुषमा, चालक अहमद, पार्वती, भावना, सुनीता शामिल हैं। वहीं मांधना ठठर गांव निवासी ऊषा की मौत हो गई है। ऊषा अपनी बहन के घर केदारपुर आई थी। एक माह पहले ही उसने नौकरी ज्वाइन की थी। नौकरी के चलते वह अपनी बहन की ससुराल में रहने लगी थी।हादसे में घायल सुषमा ने बताया कि हिमाचल के परवाणु एरिया के गांव कांबली की साबुन कंपनी में 3-4 गांवों की महिलाएं जाती हैं। वे भी काम पर जा रहे थे। उनकी गाड़ी जब नोल्टा के पास पहुंची तो मोड़ पर चालक कंट्रोल नहीं कर पाया और गाड़ी सीधे खाई में गिर गई, लेकिन पेड़ों में गाड़ी अटकने के कारण उनकी जान बच गई। सभी घायलों को पंचकूला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story