अपडेट--गुरुग्राम: ममेरे भाई ने की बहन की हत्या, बेड में शव छिपाकर फरार

WhatsApp Channel Join Now

-पड़ोसी युवक पर हत्या का शक, वारदात के बाद से फरार है युवक

गुरुग्राम, 12 मई (हि.स.)। मानेसर क्षेत्र में शंकर की ढाणी बासकुसला में 22 वर्षीय युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में पता चला है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई है। उसके शव को बेड के अंदर छिपा दिया गया।

पुलिस ने सोमवार देर रात शंकर की ढाणी गांव स्थित एक किराये के मकान से शव बरामद किया। युवती की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी सोनी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सोनी निवासी हरदोई जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करती थी। वह शंकर की ढाणी गांव में किराये के मकान में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जांच के दौरान युवती का शव पड़ोस के कमरे में रहने वाले एक युवक के बेड के अंदर छिपा हुआ मिला। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

मंगलवार देर शाम पुलिस को दिए बयान में मृतक युवती के भाई ने जानकारी दी कि उसके मामा का लडक़ा देवेश कुमार रिंकू ने उसकी बहन की गला दबाकर हत्या की है। शव को बेड में छिपाकर फरार हो गया।

सेक्टर-7 आईएमटी थाना में केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अपराध शाखा की टीमें भी लगाई गई हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के बारे में पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story