अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा : राव नरेंद्र

WhatsApp Channel Join Now

-पार्टी में अनुशासन जरूरी, हाईकमान का फैसला सर्वोपरि : हुड्डा

चंडीगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में एक साथ पांच विधायकों को निलंबित करके कांग्रेस ने बड़ा संदेश दिया है। राज्य में ऐसा पहली बार हुआ है जब मौजूदा एवं वरिष्ठ विधायकों को एक साथ निलंबित किया गया है। हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से अनुशासनहीनता बड़ा मुद्दा रही है। पूर्व में कई नेता पार्टी के भीतर रहकर नेतृत्व पर सवाल उठाते रहे हैं।

राव नरेंद्र सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी की तरफ से अनुशासन समिति का गठन किया गया। अनुशासन समिति की तरफ से नोटिस तो कई नेताओं को जारी किए गए हैं लेकिन निलंबन की कार्रवाई पहली बार हुई है।

गुरुवार को पांच विधायकों को निलंबित करने के आदेश जारी होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों और अधिकृत रुख के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विधायकों पर कार्रवाई उनकी सिफारिश पर हुई है। उन्होंने ही पार्टी को सिफारिश की थी। जिसे हाईकमान ने मंजूर कर लिया। हुड्डा ने कहा कि संगठन में अनुशासन को कायम रखना पार्टी का काम है। पार्टी सही कदम लेती है। पार्टी का फैसला सर्वोपरि है। हुड्डा ने कहा कि यह फैसला उन लोगों के लिए नसीहत होगा जो पार्टी में रहकर पार्टी के हितों की बजाए अनुशासनहीनता को बढ़ावा देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story