‘प्रोजेक्ट संगम’ से ट्रैफिक सुधार की पहल

WhatsApp Channel Join Now
‘प्रोजेक्ट संगम’ से ट्रैफिक सुधार की पहल


‘प्रोजेक्ट संगम’ से ट्रैफिक सुधार की पहल


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका उप-नगर में बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं के समाधान के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत सामुदायिक भागीदारी की नई पहल शुरू की है। इस योजना के जरिए नागरिकों, आरडब्ल्यूए और विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

ट्रैफिक के अपर पुलिस आयुक्त दिनेश गुप्ता ने सोमवार को बताया कि पांच अप्रैल को सेक्टर-7 स्थित भावभूति नाट्यगृह ऑडिटोरियम, सीसीआरटी में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक (वेस्टर्न रेंज) सतीश कुमार और एसीपी ट्रैफिक द्वारका समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में द्वारका के विभिन्न आरडब्ल्यूए के करीब 150 सदस्यों और वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान लोगों ने ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को उठाया और उनके समाधान के लिए कई व्यावहारिक सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि द्वारका में जाम की समस्या को कम करने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा 13 फ्री लेफ्ट टर्न प्रस्तावित किए गए हैं।

इसके अलावा क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चार फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाए जा रहे हैं। ये सेक्टर 22-23, सेक्टर 4-12 मार्केट, सेक्टर 6-10 मार्केट और सेक्टर-1 के पास तैयार किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से खासकर यूईआर-2 कॉरिडोर और सेक्टर-1 के आसपास ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।

बैठक में लोगों को ‘प्रहरी ऐप’ के उपयोग के लिए भी जागरूक किया गया, ताकि नागरिक ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था सुधार में सक्रिय भूमिका निभा सकें। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बैठक में मिले सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर लागू किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, ‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत हर महीने समीक्षा बैठक की जाएगी, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था में लगातार सुधार सुनिश्चित किया जा सके। यह पहल प्रशासन और नागरिकों के साझा प्रयास से द्वारका की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story