स्वरूप नगर में सिलेंडर फटने से धमाका, सात लोग झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
स्वरूप नगर में सिलेंडर फटने से धमाका, सात लोग झुलसे


नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस के बाहरी उत्तर जिला अंतर्गत थाना स्वरूप नगर क्षेत्र में मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत सात लोग झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को मकान संख्या 134, एफ-ब्लॉक, गली नंबर-4, स्वरूप नगर की तीसरी मंजिल पर सिलेंडर फटने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि तीसरी मंजिल पर 25 वर्ग गज के कमरे में रखा छोटा एलपीजी सिलेंडर अचानक फट गया।

बताया जा रहा है कि कमरे में किराएदार का परिवार रह रहा था, जिसमें चार सदस्य थे। धमाके में तीसरी मंजिल पर मौजूद पांच लोग जिनमें एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं झुलस गए। इसके अलावा दूसरी मंजिल पर रहने वाली दो महिलाएं भी घायल हुईं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story