स्वतंत्रता दिवस से पहले मेट्रो में बढ़ेगी सुरक्षा, 9 से 16 अगस्त तक लग सकती हैं लंबी कतारें

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की ओर से 9 अगस्त से मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा जांच और सघन की जाएगी। इसके चलते खासकर व्यस्त समय में कुछ मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और मेट्रो पकड़ने के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

डीएमआरसी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत 9 अगस्त से 16 अगस्त तक स्टेशनों पर सीआईएसएफ के जवान यात्रियों और उनके सामान की पहले के मुकाबले ज्यादा सघन जांच करेंगे। सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगने की संभावना है।

मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, सुबह और शाम के व्यस्त समय में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के लिए कतारें लंबी हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सामान्य से कुछ अधिक समय लेकर चलें। खासतौर पर जिन्हें ऑफिस, परीक्षा, अस्पताल या किसी महत्वपूर्ण काम के लिए समय पर पहुंचना है, उन्हें मेट्रो स्टेशन पर पहले पहुंचने की योजना बनानी चाहिए।

डीएमआरसी ने यात्रियों से सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है। यात्रियों से कहा गया है कि सुरक्षा जांच के दौरान धैर्य रखें और जांच प्रक्रिया को जल्द पूरा करने में सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story