सोमवार से पंडित पंत मार्ग का हिस्सा बंद, ट्रैफिक डायवर्जन जारी

WhatsApp Channel Join Now
सोमवार से पंडित पंत मार्ग का हिस्सा बंद, ट्रैफिक डायवर्जन जारी


सोमवार से पंडित पंत मार्ग का हिस्सा बंद, ट्रैफिक डायवर्जन जारी


नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी में भूमिगत ‘युगे युगेन भारत’ मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्य के चलते 23 फरवरी से पंडित पंत मार्ग का एक हिस्सा आम यातायात के लिए बंद रहेगा। दिल्ली पुलिस ट्रैफिक ने शनिवार को एडवाइजरी जारी कर बताया कि जीआरजी सर्कल से पीएम सर्कल के बीच पंडित पंत मार्ग पर सामान्य ट्रैफिक की आवाजाही पर रोक रहेगी।

ये रहेंगे डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक पंडित पंत मार्ग (जीआरजी सर्कल से पीएम सर्कल) पर सामान्य वाहन नहीं चल सकेंगे। गोल डाक खाना की ओर से आने वाले वाहन चर्च रोड जाने के लिए डॉ. बिशंबर दास मार्ग, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड और चर्च लेन का उपयोग करें। वहीं चर्च रोड से आने वाले वाहन गुरुद्वारा रकाबगंज रोड, टॉकटोरा रोड और पंडित पंत मार्ग की ओर जाने के लिए चर्च लेन से होकर जाएं।

वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह

यातायात पुलिस ने संसद मार्ग, पटेल चौक राउंडअबाउट, अशोका रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बिशंबर दास रोड, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड और महादेव रोड को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि संभव हो तो प्रभावित मार्गों से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे जाम की स्थिति से राहत मिलेगी। आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

ऐसे लें ट्रैफिक अपडेट

लोग ताजा ट्रैफिक जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपडेट देख सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story