मुख्यमंत्री ने की तिहाड़ और मंडोली जेलों में तैनात 39 डॉक्टरों के स्थानांतरण की सिफारिश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने की तिहाड़ और मंडोली जेलों में तैनात 39 डॉक्टरों के स्थानांतरण की सिफारिश


मुख्यमंत्री ने की तिहाड़ और मंडोली जेलों में तैनात 39 डॉक्टरों के स्थानांतरण की सिफारिश


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तिहाड़ और मंडोली जेलों में लंबे समय से तैनात चिकित्सकों के स्थानांतरण की सिफारिश उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से की है। मुख्यमंत्री की सिफारिश के अनुसार तिहाड़ और मंडोली जेलों में 5 वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत 39 डॉक्टरों का स्थानांतरण प्रस्तावित है। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सक और जनरल ड्यूटी मेडिकल अधिकारी (जीडीएमओ) दोनों शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक इनमें से कई चिकित्सक वर्ष 2014 से लगातार एक ही स्थान पर तैनात हैं। उनकी सेवा अवधि 11 वर्ष से अधिक हो चुकी है। प्रस्ताव के अनुसार इन डॉक्टरों के स्थान पर लगभग 35 अन्य चिकित्सकों की तैनाती भी प्रस्तावित है। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 74 स्थानांतरण प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि नियमित मानव संसाधन प्रबंधन और समय-समय पर पदस्थापन की समीक्षा से स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न इकाइयों को अधिक सक्षम, उत्तरदायी और जनहित केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य उपलब्ध मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना तथा संस्थागत क्षमता को मजबूत करना है ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें। स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, संसाधनों का संतुलित उपयोग और जवाबदेही आधारित कार्य संस्कृति आवश्यक है। इसी दृष्टिकोण के तहत विभिन्न संस्थानों में मानव संसाधनों की तैनाती की समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता के अनुरूप सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी क्रम में हाल ही में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) में व्यापक स्तर पर मानव संसाधनों का पुनर्गठन किया गया था, जिसके तहत 40 से अधिक मेडिकल, पैरामेडिकल और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया। साथ ही विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों से अनुभवी चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती कर खरीद, आपूर्ति और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग की प्रत्येक इकाई में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराना, संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ बनाना तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। तिहाड़ और मंडोली जेलों में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात चिकित्सकों के स्थानांतरण संबंधी सिफारिश भी इसी व्यापक प्रशासनिक सुधार और मानव संसाधन प्रबंधन की प्रक्रिया का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story