फतेह नगर में सफेदी के दौरान ऊंचाई से गिरे दो मजदूर, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी जिले के फतेह नगर इलाके में शुक्रवार को सफेदी का काम करते समय ऊंचाई से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा डीडी-42 और डीडी-43, फतेह नगर में हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के ऊंचाई पर सफेदी का काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों नीचे गिर गए।

पुलिस को 21 अगस्त की दोपहर पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही हरि नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तब तक दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में एक अज्ञात मजदूर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान गोविंदपुरी निवासी मुन्ना शाह (44) के रूप में हुई।

वहीं, हादसे में घायल दूसरे मजदूर राजेश निवासी संगम विहार, संडे मार्केट को दशमेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। दर्द अधिक होने के कारण वह फिलहाल पुलिस को अपना बयान नहीं दे सका है। पुलिस उसके बयान के आधार पर हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाएगी। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल के निरीक्षण, साक्ष्यों और आसपास की परिस्थितियों के आधार पर सामने आया कि दोनों मजदूर सफेदी का काम करते समय ऊंचाई से नीचे गिरे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story