दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए मौका, 13 अप्रैल से शुरू होगा कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए मौका, 13 अप्रैल से शुरू होगा कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। अगर आप रोजाना मेट्रो में सफर करते हैं और उसकी सेवाओं को लेकर अपनी राय देना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छा मौका है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) 13 अप्रैल से कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे शुरू करने जा रहा है, जो 10 मई 2026 तक चलेगा। यह सर्वे लंदन स्थित ट्रांसपोर्ट स्ट्रैटेजिक सेंटर द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो बेंचमार्किंग ग्रुप का संचालन करता है। यह इस सर्वे का 13वां संस्करण है, जिसमें दुनियाभर की मेट्रो सेवाएं अपने यात्रियों से फीडबैक लेती हैं।

डीएमआरसी के मुताबिक, यात्री इस सर्वे में भाग लेने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। सर्वे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी प्रतिक्रिया दे सकें। इस सर्वे के जरिए यात्रियों से मेट्रो की विभिन्न सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। इसमें उपलब्धता, पहुंच, इस्तेमाल में आसानी, यात्रा से पहले और दौरान मिलने वाली जानकारी, समय की पाबंदी, कस्टमर केयर, आराम, भीड़, सुरक्षा और कुल संतुष्टि जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं।

डीएमआरसी का कहना है कि इस सर्वे का उद्देश्य यात्रियों के अनुभव को समझना और सेवाओं को और बेहतर बनाना है। यात्रियों के सुझावों के आधार पर भविष्य में मेट्रो सेवाओं में सुधार किया जाएगा। डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस सर्वे में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि मेट्रो सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story