डीटीसी बसों में 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' लागू, 19 लाख से ज्यादा 'स्मार्ट कार्ड' जारी

WhatsApp Channel Join Now
डीटीसी बसों में 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' लागू, 19 लाख से ज्यादा 'स्मार्ट कार्ड' जारी


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' व्यवस्था लागू कर दिया है और अब तक 19 लाख 05 हजार 889 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनाए जा चुके हैं। ‘पिंक टिकट’ की व्यवस्था को 30 सितंबर के बाद आगे नहीं बढ़ाया गया है।

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी, ताकि हर पात्र महिला यह स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' को लेकर राजधानी दिल्ली में रहने वाली किसी भी महिला को घबराने या फिर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। महिलाओं की सुविधा के लिए कई जगहों पर विशेष कैंप भी लगा रहे हैं और कई जगहों पर विशेष सुविधा केंद्र भी उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि महिलाएं आसानी से अपने कार्ड प्राप्त कर सकें।

मंत्री ने बताया कि महिलाओं को 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' प्राप्त करने में सुविधा प्रदान करने के लिए परिवहन विभाग ने राजधानी दिल्ली के साउथ, नॉर्थ, ईस्ट और वेस्ट क्षेत्रों को कवर करने के लिए 38 डीटीसी पिंक पास वितरण केंद्रों का एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया है। उन्होंने कहा कि साउथ दिल्ली में यह केंद्र नेहरू प्लेस, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, हौज खास, साउथ कैंपस, जामिया, जेएनयू और महरौली में स्थित हैं। तो वहीं नॉर्थ दिल्ली में बीबीएम डिपो, वजीरपुर, आजादपुर, रोहिणी सेक्टर-22, कंझावला, नरेला, बवाना, नॉर्थ कैंपस, मंगोलपुरी और रोहिणी डिपो में कैंप उपलब्ध हैं।

मंत्री ने बताया कि ईस्ट दिल्ली में महिलाएं बुराड़ी डिपो, कश्मीरी गेट, नंद नगरी, दिल्ली गेट, करावल नगर टर्मिनल, शाहदरा, सीमापुरी, एससी हाउस, झील और हसनपुर स्थित केंद्रों में कार्ड बनवा सकती हैं। तो वहीं वेस्ट दिल्ली में उत्तम नगर, शादीपुर, दिचाऊ कलां, पीरागढ़ी, द्वारका सेक्टर-2, हरि नगर-1, पंजाबी बाग, सुल्तानपुरी, घुम्मनहेड़ा डिपो-1 और बिंदापुर टर्मिनल पर कैंप काम कर रहे हैं।

इन निर्धारित केंद्रों के अलावा महिलाओं के लिए कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और अधिक आसान और सुलभ बनाने के लिए दिल्ली के कई इलाकों में विशेष कैंप भी लगाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story