जसोला में जर्जर इमारत गिराने के दौरान दीवार गिरी, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र स्थित जसोला में जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक एक कमजोर दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि भवन मालिक की तलाश जारी है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर परिसर को सील कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की दाेपहर करीब एक बजे प्लॉट नंबर-149, पॉकेट-1, जसोला में दीवार गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सरिता विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुराने और जर्जर भवन को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत की एक कमजोर साइड वॉल अचानक ढह गई और वहां काम कर रहे चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 24 वर्षीय विजय की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। उसे तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य घायल मजदूरों का एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। एक अन्य मजदूर इस हादसे में सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना पर क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमारत गिराने का काम करा रहे ठेकेदार शमशुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं भवन मालिक खुर्शीद की तलाश की जा रही है। वहीं जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत गिराने के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों, श्रमिक सुरक्षा नियमों और वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं। हादसे के बाद एसडीएम बदरपुर ने संबंधित परिसर को सील कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story