खतरनाक स्टंट करने के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने बाइक पर खतरनाक स्टंट कर खुद की व आम लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपित सिग्नेचर ब्रिज पर रील बनाने के लिए बाइक से बेहद खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इनके स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस से शिकायत हुई। बाद में पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपितों को दबोच लिया। इनकी पहचान खजूरी खास निवासी तुषार पुनिया (22), तनिष्क मावी (20) और पुष्पेंद्र (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों की एक बाइक को बरामद किया है। बाकी दोनों युवकों की बाइक 17 फरवरी को इसी तरह के मामले में पहले ही बंद कर दी गई थीं।
उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने सोमवार को बताया कि न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को इंस्टाग्राम पर एक शिकायत मिली थी। पीड़ित ने बताया कि सिग्नेचर ब्रिज पर कुछ लड़के बाइक से खतरनाक स्टंट कर न सिर्फ अपना जीवन बल्कि दूसरों का जीवन भी खतरे में डाल रहे हैं। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर लिया। बाद में छानबीन के लिए एक टीम का गठन किया गया। टीम ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपितों की जानकारी जुटाना शुरू की। इस बीच टीम को पता चला कि आरोपित खजूरी खास इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

